संवाद प्रश्न:सर! एडमिशन के लिए कॉलेज का चुनाव कैसे करूं?


प्रिय विद्यार्थी!


कॉलेज चयन का सबसे पहला आधार अपका पसंदीदा विषय होना चाहिए। कारण यह है कि जिस विषय में आपकी रूचि है, उसी विषय में आप गहरे से गहरे उतर सकते हैं।


दूसरा सबसे बड़ा आधार है- आपके पसंदीदा विषय का श्रेष्ठ शिक्षक। वे जहां भी मिलें, वहां आप दूर से दूर होने पर भी ढूंढ कर पहुंचे। श्रेष्ठ शिक्षक की खूबी यह होती हैं कि नीरस विषय को भी सरस तरीके से पढ़ाने की क्षमता उसके पास होती है और वह भी बहुत सरल ढंग से।


तीसरा आधार होना चाहिए वैसा शिक्षा-संस्थान जहां नियमित कक्षाएं लगती हों तथा आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध हों। जहां कहीं भी विद्यार्थी और शिक्षक का अध्ययन-अध्यापन से ध्यान नहीं भटकता हो, वहां सिलेबस भी पूर्ण होता है और समझ भी परिपक्व होती है।


पहले ज्ञान का प्यासा विद्यार्थी श्रेष्ठ शिक्षक और प्रसिद्ध शिक्षा-संस्थान की तलाश में दूर प्रदेशों में भी पहुंच जाया करता था ; किंतु आज प्रचार के जमाने में विद्यार्थी के पास एडमिशन के लिए फोन आते हैं।


दूरदराज के क्षेत्रों में सरकारी कॉलेज भी खोले जा रहे हैं और निजी कॉलेजों की संख्या में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। किंतु शिक्षा की गुणवत्ता पर बहुत बड़े प्रश्न चिन्ह उठ रहे हैं।


एक तरफ चयनित-श्रेष्ठ-शिक्षक पढ़ने-पढ़ाने के माहौल को तरस रहे हैं तो दूसरी तरफ बहुत सारे शिक्षा-संस्थान श्रेष्ठ शिक्षकों के लिए तरस रहे हैं।


भाग्यशाली है वह विद्यार्थी जिसको अपने पसंदीदा विषय का श्रेष्ठ शिक्षक मिल जाए और अबाधित अध्ययन-अध्यापन का आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त उचित माहौल वाला शिक्षा- संस्थान मिल जाए।


'शिष्य-गुरु संवाद' से डॉ.सर्वजीत दुबे🙏🌹