संवाद प्रश्न:सर! कल की परीक्षा को लेकर बहुत तनाव हो रहा है, कृपया कुछ मार्गदर्शन दीजिए ?-तनीषा राठौर


प्रिय विद्यार्थी!


आपका यह प्रश्न सभी विद्यार्थियों का प्रश्न है। तनाव का मुख्य कारण यह है कि तन आज खुली हुई किताबों के सामने है किंतु मन भविष्य में कल की परीक्षा और आने वाले फल पर है। अतः अभी पढ़ते समय ऐसा लग रहा है कि आपको कुछ भी याद नहीं आ रहा। ऐसे में मन घबड़ाने लगता है।


किंतु आप ज्यों ही परीक्षा में बैठेंगी तो वहां मन एक प्रश्न पर एकाग्र हो जाएगा और आपके दिमाग के स्टोर में जो भी संग्रहित उत्तर हैं, वे सामने में तैर कर आ जाएंगे।


इसलिए कल की परीक्षा हेतु आज आप गहरी नींद लिजिए। अन्यथा कल परीक्षा भवन में जितनी ऊर्जा और एकाग्रता की जरूरत होगी, विश्राम के अभाव में वह नहीं मिल पाएगी।


एक और महत्वपूर्ण बात की कर्म आपके अधिकार में है, फल आपके अधिकार में नहीं है। अतः अपने हिस्से का कर्म कीजिए और फल को परमात्मा पर छोड़ कर निश्चिंत हो जाइए। परमात्मा बड़ा करुणावान है ,आपके किए हुए मेहनत का फल अवश्य देगा।


शुभकामना।


'शिष्य-गुरु संवाद' से डॉ.सर्वजीत दुबे🙏🌹