नेताजी
January 23, 2022संवाद
"आदृत 'नेताजी' शब्द आज अनादृत क्यों हो गया?
प्रिय विद्यार्थी!
किसी भी शब्द का अर्थ शब्दकोश से ज्यादा अपने अनुभव से आता है।
नेताजी उपनाम उस सुभाष बोस के लिए दिया गया था-
(१)जिन्होंने मातृभूमि की सेवा के लिए राजपद को छोड़कर कंटकाकीर्ण रास्तों का चुनाव किया था।
(२) जिन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन कर सर्वशक्तिशाली ब्रिटिश हुकूमत से लड़ने के लिए भारतीयों की पराधीन आत्मा को खड़ा किया था।
(३) जिन्होंने हिंदू, मुस्लिम,सिख,इसाई सभी को एकजुट कर अपनी सांगठनिक क्षमता का अद्भुत परिचय दिया था।
(४) जिन्होंने रानी लक्ष्मीबाई ब्रिगेड बनाकर भारत की आजादी के लिए नारी के भी हाथों में तलवार उठाने का और लड़ने का साहस प्रदान किया था।-
जो नाम देश का ले कर के
मर गए, मिटे, बर्बाद हुए
जिनकी कुर्बानी के बल पर
चालीस कोटि आजाद हुए।
लेखनी न आगे बढ़ पाती,
कवि लिख सकता इतिहास नहीं
अक्षर अक्षर यह पूछ रहा
'क्या जिंदा आज सुभाष नहीं?'
सुभाष तो आज भी हर बलिदानी के हृदय में जिंदा है; किंतु उनको दिया गया उपनाम "नेताजी" आज गर्व का नहीं बल्कि शर्म का विषय बनता जा रहा है।
पदलोलुपता, मूल्यविहीनता, अवसरवादिता और दीनता का समवेत नाम आज नेताजी हो गया है।
"हमाम में सब नंगे हैं" यह कहावत तो सुना था किंतु आज के नेता जी तमाम तामझाम में भी नंगे दिखाई दे रहे हैं। बड़े पद पर,बड़े मंच से, बड़े प्रकाश में ,बड़े बोल बोलने वाले आज के अधिकांश नेता जी के प्रति जागरूक जनता में गहरी वितृष्णा ने जड़ें जमा ली हैं; क्योंकि-
जिस तबाही से लोग बचते थे,
वो सरेआम हो रही है अब
अजमते-मुल्क इस सियासत के
हाथ नीलाम हो रही है अब।
जीवन का कोई भी क्षेत्र हो, आज नेता जी द्वारा निर्देशित और नियंत्रित हो रहा है। अपराधिक रिकॉर्ड वाले नेताजी की संख्या अब 50% होने को है, फिर इस देश का भविष्य क्या होगा?
इसके लिए "नेताजी" से ज्यादा जिम्मेदार "जनता जी" भी है, जो उन्हें अपना बहुमूल्य वोट देती है और चुनती है। वे पार्टियां भी जिम्मेवार हैं, जो दागदार छविवाले नेता जी को टिकट देती हैं।
"नेता जी" का जन्म दिवस आज के 'नेता जी' को और जनता जी को स्मरण दिलाने का दिवस है कि विलुप्त होती बलिदान और पराक्रम की भावना को जगाओ वरना हिंदुस्तान सदा सदा के लिए सो जाएगा-
"कांटें भी जिनके हाथों में गुलाब बन गए,
पराक्रम से "नेता जी" आज आफताब बन गए।।"
'शिष्य-गुरु संवाद' से डॉ.सर्वजीत दुबे
नेताजी जयंती की शुभकामना🙏🌹