🙏दीपावली में पटाखों की धमक से दीप कभी बुझता भी रहा और धुएं से घिरता भी रहा ; इसके बावजूद मौन में जलता भी रहा-एक अनुभवसिक्त विश्लेषण 🔥


संवाद


'दीपोत्सव पर भारी पटाखोत्सव'


अमावस की गहरी रात की शाम भी एक गहराई लिए हुए होती है। एक गहरा मौन जैसे सब कुछ ठहर गया हो। महावीर का निर्वाण इसी रात हुआ‌। उनकी सारी इच्छाएं पहले ही बुझ गई थी जिसके कारण वे कैवल्य को प्राप्त हुए थे किंतु अमावस की रात वे स्वयं भी बुझ गए। इसे सुनकर उनके प्रिय शिष्य गौतम स्वामी ध्यानमग्न हो गए। उन्हें भी सत्य का साक्षात्कार हुआ और उनके ज्ञान का दीप जल उठा।


           जैन परंपरा की दिवाली हिंदू परंपरा की दिवाली से भिन्न है किंतु गहरे अर्थ में एक समान भी है। जैन परंपरा में एक दीप जग से जाते-जाते भी दूसरा दीप जला गया। हिंदू परंपरा में राम के आगमन पर उनके स्वागत में दीप जलाए गए। दोनों परंपरा में भिन्नता जरूर है किंतु समानता यह है कि महापुरुषों का गमन हो या आगमन ; दोनों किसी दीप के जलने का कारण बन जाता है।


             दीपावली की शाम हमारे परिजन हमारे घर पधारे। दीप जलाने की खुशियों के साथ भावनाओं के आदान-प्रदान की खुशियों ने ढलती शाम और गहराती रात को और ज्यादा रौशन कर दिया। किंतु पटाखों की आवाज ने गजब जुल्म ढाना शुरू किया। जोरदार आवाज से कभी कोई दीप बुझ जाता और कभी भावनाओं के आदान-प्रदान का वाक्य बीच में ही छूट जाता। धमाके की आवाज के साथ कुछ देर के लिए कान सुन्न हो जाते, हृदय की धड़कन असामान्य हो जाती। फिर से बुझे दीए जलाने की कोशिश होती और प्रेम की बातचीत को आगे बढ़ाने की नई शुरुआत होती।


              शिक्षकों की दुनिया अजीब होती हैं। वे वर्तमान को अतीत के आईने में देखकर भविष्य को संवारने की कोशिश करते हैं। पटाखे की बढ़ती धमाके की आवाज से हमारी बातचीत का क्रम इस विषय की ओर गया कि दीपोत्सव मनाया जा रहा है या पटाखोत्सव? दीपोत्सव में तो दीपक मौन में जलता है और बड़ी शांति के साथ अंधेरी  रात को रौशन कर जाता है। किंतु पटाखोत्सव में मौन शोर में तब्दील हो जाता है और धुएं का गुब्बार अंधेरी रात को घुटन भरी रात में बदल देता है।


            तभी खबर आने लगी कि पटाखे के कारण दिल्ली का वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर के भी पार चला गया है। पढ़ी-लिखी दिल वालों की दिल्ली भी दीप की भांति मौन में जलने का सलीका नहीं सीख पाई बल्कि अपने होने के अहंकार का विस्फोट करती गई।खबर मिली कि बड़े शहरों के संपन्न घरों के बच्चों में एक होड़ सी मची रहती हैं कि कौन कितने ज्यादा धमाकेवाले और कितने महंगे पटाखे खरीदता है? कोई 10000 का तो कोई 20000 का तो कोई 30000 का पटाखा लाता है। आपके पटाखे की आवाज से निर्धारित होता है कि समाज में आपकी हैसियत क्या है?


            हमारे घर में बच्चे थोड़ी सी फुलझड़ी और अनार लाए। मैंने पूछा कि क्या तुम्हें दूसरे बच्चों की तरह जोरदार धमाके वाले पटाखे फोड़ते हुए देखकर वैसे पटाखे की इच्छा नहीं जगती? उन्होंने कहा कि शिक्षक के द्वारा पर्यावरण प्रदूषण पाठ पढ़ाए जाने के बाद ऐसा लगता है कि फुलझड़ी और अनार से निकलने वाला धुआं भी अपराध है फिर धमाके वाले पटाखों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण के साथ वायु प्रदूषण तो महा अपराध है।


काश! ऐसे शिक्षक हर जगह मिल जाते तो हमारा दीपोत्सव कुछ और होता।


           वायु प्रदूषण के कारण जब श्वास की समस्या उत्पन्न हो जाती है, ध्वनि प्रदूषण के कारण जब रक्तचाप असामान्य हो जाता है,स्कूलों को बंद करने की नौबत आ जाती हैं और किसी के घर का चिराग (ऋषि) पटाखे से सदा के लिए बुझ जाता है;उस देश में वस्तुतः क्या दीपोत्सव मनाया जाता है या दीपोत्सव के नाम पर पटाखोत्सव.....?दीप जलाने वाले भी सनातनी है और पटाखा फोड़ने वाले भी सनातनी है किंतु सनातन मूल्य को बचाने वाला कौन है??


'वो बुझाएं दिए उनका ये शौक था


हमें ये शौक है कि हम जलाते रहे


कोई रिश्ता तो तुमने बनाए रखा


चाहे दुश्मन समझ कर निभाते रहे।'


'शिष्य-गुरु संवाद' से प्रो.सर्वजीत दुबे🙏🌹