पवित्रता-वैज्ञानिकता-आध्यात्मिकता का समुच्चय छठ पर्व
November 12, 2026🙏छठ पर्व की शुभकामना 🙏
संवाद
"पवित्रता-वैज्ञानिकता-आध्यात्मिकता का समुच्चय छठ पर्व"
पवित्रता के साथ वैज्ञानिकता और आध्यात्मिकता के दृष्टिकोण से बिहार का छठ पर्व सबसे विशिष्ट है।
दीपावली के अवसर पर जो साफ-सफाई की जाती है, छठ पर्व के अवसर पर वह आंतरिक स्वच्छता की ओर विशेष रूप से मुड़ जाती है। पवित्रता का आलम इस पर्व के दौरान यह रहता है कि व्रती के नदी किनारे तक जाने वाले रास्ते पर कोई गंदगी नहीं फैलाता है और किसी भी गंदे भाव या विचार को मन में आने तक नहीं देता है।
सूर्य की पूजा वाला यह पर्व इस मायने में अनूठा है कि जलाशय में डूबते सूर्य की आराधना के साथ यह शुरू होता है और उगते सूर्य की उपासना के साथ यह पूर्ण होता है। वैज्ञानिकों की भी यह मान्यता है कि सूर्य के साथ हमारा जीवन इतना जुड़ा हुआ है कि सूर्य के उदित होने के साथ जीवन खिल जाता है और सूर्य के अंत होने के साथ जीवन बुझ जाएगा। कालिदास शाकुंतलम् में लिखते हैं कि
'यात्येकतोऽस्तशिखरं पतिरोषधीना-
माविष्कृतोऽरुणपुरःसर एकतोऽर्कः ।
तेजोद्वयस्य युगपद्व्यसनोदयाभ्यां
लोको नियम्यत इवात्मदशान्तरेषु ॥'
एक ओर तो औषधियों (वनस्पतियों) के स्वामी चन्द्रमा अस्ताचल के शिखर पर जाकर अस्त हो रहे हैं, और दूसरी ओर अपने सारथी अरुण को आगे किए हुए सूर्य उदय हो रहे हैं।अर्थात् रात समाप्त हो रही है और सुबह हो रही है। इन दोनों तेजों (सूर्य और चन्द्रमा) के एक साथ उदय और अस्त होने से मानो संसार को यह शिक्षा मिल रही है कि सुख-दुःख और उत्थान-पतन जीवन के स्वाभाविक नियम हैं।
इस संदेश को छठ पर्व में और ज्यादा गहराई और ऊंचाई मिली है। डूबते सूरज की आराधना से पर्व की शुरुआत करके यह संदेश दिया गया है कि जिसे हम जीवन का अवसान समझते हैं, वस्तुत:वह सूर्योदय का अंकुरण है। किसी कवि के शब्दों में कहें तो...
'क्यों दूर हट के जाएं हम दिल की सरजमीं से
दोनों जहां की सैरें हासिल हैं सब यहीं से
यह राज सुन रहे हैं एक मौजें तहनसीं से
डूबे हैं हम जहां पर उभरेंगे फिर वहीं से।'
जलवायु संकट के इस जमाने में छठ पर्व का यह विशेष संदेश है कि प्रकृति के साथ संघर्ष का नहीं बल्कि प्रकृति के साथ सह अस्तित्व का हमारा भाव होना चाहिए। हमारी ऋषि चेतना ने तो प्रकृति की इन दिव्य शक्तियों को पहचाना और उन्हें देव रूप में प्रतिष्ठित किया। छठ में उनके साथ व्रती का बिना किसी पंडित पुरोहित के साक्षात् संबंध होता है।छठ में जो पूजा सामग्री भी उपयोग की जाती है वह मौसमी और प्राकृतिक फसलें होती हैं। उस अन्न से बने प्रसाद में जो स्वाद होता है वह अद्भुत होता है।
गंगा किनारे बसे गांव में मेरा घर गंगा के सबसे नजदीक है। दूर-दूर से छठ पर्व करने वाले लोग जब गंगा किनारे पहुंचते हैं तो सारे रास्ते इतने साफ-सुथरे कर दिए जाते हैं और इतने सजा दिए जाते हैं कि गांव की खूबसूरती देखते ही बनती है। आज भी वहां गंगा स्फटिक की तरह स्वच्छ है जबकि राजधानी दिल्ली में यमुना इतनी गंदी हो चुकी है कि उस जल को पीने की तो बात छोड़िए उसमें उतरना भी खतरनाक है।
आधुनिक जीवन शैली ने जलाशयों को गंदा कर दिया, हवा को प्रदूषित कर दिया जिसका परिणाम यह है कि कोहरे के कारण सूर्य का दर्शन तक मुश्किल हो गया है। ऐसी परिस्थिति में जल में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य की आराधना का यह पर्व कैसे मनाया जाए?
छठ पर्व की वैज्ञानिकता को यदि हम समझें तो पता चलता है कि जब आधुनिकता के पर्याय समझे जाने वाले ईसाइयों के बाइबल में पृथ्वी केंद्रित सिद्धांत चल रहा था,उसके हजारों वर्ष पहले ऋग्वेद में सूर्य की पूजा का यह अनुष्ठान हमारे ऋषि चेतना ने दिया था। बाद में वैज्ञानिकों द्वारा पृथ्वी केंद्रित सिद्धांत की जगह सूर्य केंद्रित सिद्धांत को प्रमाणित किया गया।
अब जरूरत है कि छठ जैसे पर्व के आध्यात्मिक स्वरूप को दुनिया के सामने लाया जाए जो कहता है कि करोड़ मील दूर स्थित सूर्य भी हमारे जीवन का केंद्र है और उसकी कृपा से ही हमारा अस्तित्व सुरक्षित हो सकता है। अस्तित्व परस्पर संबंधित है। हमारे अंदर में उनके प्रति एक कृतज्ञता का भाव होना चाहिए।उनके उगते स्वरूप से ही नहीं बल्कि डूबते स्वरूप से भी हमारा लगाव होना चाहिए। दूसरे शब्दों में कहें तो प्रकृति का अस्त होता स्वरूप भी हमारे लिए पूजा के द्वारा उदय का आरंभ बन जाता है। प्रकृति में ही परमात्मा निवास करता है,छठ पर्व का यह संदेश जलाशयों और वायु की स्वच्छता के बीच सूर्योपासना के बिना नहीं समझा जा सकता।
'शिष्य-गुरु संवाद' से प्रो.सर्वजीत दुबे🙏🌹