रैगिंग की मानसिकता
November 13, 2026/start
संवाद
'रैगिंग की मानसिकता'
बांसवाड़ा का मेडिकल कॉलेज रैगिंग के कारण सुर्खियों में है। सीनियर्स ने जूनियर्स से अश्लील डांस करवाया, उनको मुर्गा बनाया और देर रात तक अपमानित किया।
विद्यालयों या महाविद्यालयों में विद्या की मूल परिभाषा यदि गलत हो गई तो सोच विकृत हो जाती है। विकृत सोच का परिणाम रैगिंग की मानसिकता है। 'विद्या ददात्ति विनयम्' और "यया अभिमानो निवर्तते सा विद्या"-भारतीय संस्कृति में विद्या की ये दो कसौटियां हैं। 'विद्या विनय को देती है' और "जिससे अभिमान समाप्त होता है वह विद्या है"- इन दो कसौटियों के आलोक में रैगिंग की मानसिकता को समझने का प्रयास होना चाहिए।
मेरे जीवन का अनुभव है कि सीनियर्स शब्द आते ही मेरे हृदय में सम्मान का भाव उदित हो जाता है। बरसों तक खिलाड़ी का जीवन जीने के बाद खेल का दरवाजा मेरे लिए बंद कर दिया गया था ,तब गुरुकुल से पढ़कर के आए हुए संस्कृत के सीनियर्स से पटना विश्वविद्यालय में मेरी मुलाकात हुई। 'सादा जीवन उच्च विचार' के जीवंत उदाहरण वाले मेरे सीनियर्स ने अपने प्रेम और ज्ञान से मेरे अंधेरे को रोशन कर दिया। आज भी उनका नाम स्मरण आते ही मेरा सर श्रद्धा से झुक जाता है।
रैगिंग के आरोप में बांसवाड़ा मेडिकल कॉलेज के 10 सीनियर छात्र को सस्पेंड कर दिया गया है और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने कॉलेज से रिपोर्ट मांगी है। क्या इन सीनियर्स को नहीं सोचना चाहिए कि जूनियर्स मुझे किस रूप में याद करेंगे? क्या ये सीनियर्स जब पहली बार कॉलेज में आए थे तो उनका कोमल मन अपने बड़ों से स्नेह और सुरक्षा की मांग नहीं कर रहा था? 'First impression is the last impression' पढ़ने वाले सीनियर्स दूसरे को अपमानित करने वाली अपनी छवि बनाकर अपने जूनियर्स से आखिर क्या हासिल करना चाहते हैं? जीवन बचाने वाले चिकित्सा पेशे में आने के बाद भी जब उनकी संवेदना का यह हाल अपने जूनियर सहपाठियों के साथ हैं तो मरीजों के साथ कैसा होगा? इन प्रश्नों पर जब ये विचार करेंगे तो इनको पता चलेगा कि उनकी अक्ल तो बड़ी हो गई किंतु आत्मा छोटी हो गई-
'अक्ल बारीक हुई जाती है
रूह तारीक हुई जाती है।'
भारतीय ज्ञान परंपरा ने विद्या उसी को कहा था जिससे आत्मा विराट और प्रकाशित होती है। अक्ल को बढ़ाने वाला ज्ञान तो अविद्या की श्रेणी में हमारी ऋषि-चेतना ने रखा था। मेडिकल,इंजीनियरिंग इत्यादि आजीविका खोजने वाली पढ़ाई अविद्या है।
जीवन को खोजने वाली विद्या तो आत्मज्ञान है। इसके अभाव में खासकर मेडिकल,इंजीनियरिंग का टेस्ट देने वाले विद्यार्थियों के बीच एक तरफ अवसाद और आत्महत्या बढ़ती जा रही है और दूसरी तरफ महाविद्यालय पहुंचने पर उन्हें अपने ही सीनियर्स के हाथों रैगिंग का शिकार होना पड़ रहा है। इससे बड़ी दुर्भाग्य की बात और कुछ नहीं हो सकती।
रैगिंग की मानसिकता को रोकने के लिए कानून अपर्याप्त है। दरअसल उस शिक्षा की जरूरत है जो एहसास करवाए कि बड़े पद से बड़प्पन नहीं आता। बड़प्पन तो उस आत्मबोध से आता है जो हर प्राणी में एक समान आत्मा को देखता है-'आत्मवत् सर्वभूतेषु...।
'आधुनिक शिक्षा ने हम पर ऐसी मान्यताएं लादी हैं
हर व्यक्ति खुद से दूर दौड़ रहा पाने को गादी है।'
पद,पैसा,प्रतिष्ठा के पीछे भागने वाला आज का आधुनिक शिक्षित मनुष्य जहां भी जाएगा रैगिंग की मानसिकता को लेकर जाएगा; क्योंकि मनुष्य बनाने वाली शिक्षा के भारतीय दर्शन को हमने पूरी तरह से भुला दिया है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि रैगिंग की मानसिकता का शिकार पूरा देश हो रहा है। हर सीनियर अपने जूनियर को नीची निगाह से देख रहा है जबकि भारतीय संस्कृति में कुमारिल भट्ट ने अपने शिष्य प्रभाकर को "गुरु" की उपाधि दे दी क्योंकि कुमारिल भट्ट जिस समस्या का समाधान नहीं ढूंढ़ पा रहे थे ,उस समस्या का समाधान उनके शिष्य ने दे दिया।
यदि इतनी विनम्रता और निरहंकारिता हो तो रैगिंग जड़ मूल से उखड़ पाएगी अन्यथा यह एक रास्ते से रोकने पर दूसरे रास्ते से किसी न किसी रूप में प्रकट होती रहेगी।
'शिष्य-गुरु संवाद' से प्रो.सर्वजीत दुबे🙏🌹