🙏करोड़ों रूपयों की लागत से बनी रामायण फिल्म की भव्यता को देखकर एक तरफ नई पीढ़ी के दर्शक मुग्ध हो रहे हैं तो दूसरी तरफ भावविहीनता को देखकर परंपरावादी क्षुब्ध हो रहे हैं-एक विश्लेषण 🔥


संवाद


"रामायण पर नई दृष्टि"


4000 करोड़ की लागत से बनी नितेश तिवारी की 'रामायण' फिल्म को लेकर पक्ष और विपक्ष में चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिल्म को देखने के बाद मैं काफी देर तक चुप रहा जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। मुझे तो एक तरफ रामानंद सागर का भाव-प्रधान रामायण सीरियल याद आ रहा था तो दूसरी तरफ नितेश की 'रामायण' की भव्यता आंखों से हट नहीं रही थी। बहुत बार पूछे जाने पर बहुत देर के बाद मेरे मुख से इतना ही निकला कि भव्यता से मेरी आंखें चकाचौंध हो गई हैं किंतु भाव का प्यासा हृदय प्यासा ही है।


              मुझे खुशी इस बात की है कि नई पीढ़ी ने रामायण फिल्म को देखने के लिए टिकट बुक करवाया और राम के प्रति जिज्ञासाएं प्रकट की। कई मुस्लिम दर्शकों को थिएटर में देखकर आश्चर्य भी हुआ। अन्यथा रामलीला का नई पीढ़ी मजाक उड़ाती हैं और नई पीढ़ी की पसंद वाली नई फिल्में पुरानी पीढ़ी को कोलाहल प्रतीत होती हैं। पढ़ने,सोचने से लेकर देखने तक में जेनरेशन गैप बहुत बड़ा हो गया है। स्लेट पर लिखने वाली हमारी पीढ़ी आज लैपटॉप वाली पीढ़ी से जुड़ना चाहती भी है तो जुड़ नहीं पा रही है। ऐसे में पौराणिक पात्रों को यदि नए तरीके से प्रस्तुत करके नई पीढ़ी में जिज्ञासा उत्पन्न किया जा सके तो पुरानी पीढ़ी और नई पीढ़ी के मिलन के लिए एक दरवाजा खुलता है।


            'लकीर के फकीर वाले लोग' और "परंपरा से हटकर चलने वाले लोगों" के बीच एक संघर्ष चल रहा है।लकीर के फकीर वाले लोग पौराणिक पात्रों में थोड़ा सा भी बदलाव पसंद नहीं करते हैं। सीता ने राम को उनके नाम से बुला लिया तो 'आर्य पुत्र' संबोधन सुनने वाली पुरानी पीढ़ी की आस्था चोटिल हो गई। रावण को ज्यादा समय दिखा दिया तो उनके राम का निरादर हो गया। सीता से ज्यादा सुंदर सूर्पनखा दिख गई तो उनकी आंखें धुंधली हो गईं।


                  "परंपरा से हटकर चलने वाले लोग" नए प्रतिमान गढ़ने हेतु राम को साधारण और रावण को असाधारण बताने के चक्कर में लक्ष्मण रेखा को भी पार कर जाते हैं। उनकी नजर में रावण में ऋषि का ज्ञान भी था और असुरों का बल भी था। दूसरे शब्दों में रावण के व्यक्तित्व में कई विरोधाभासी गुण सहोदर भाई जैसे निवास करते थे। परंपरा से हटकर राम सीता के स्वयंवर में जाने से पहले सीता को देखने की इच्छा व्यक्त करते हैं।राम और भरत मिलाप के समय वे दोनों बैठकर अयोध्या के भविष्य पर गहन मंत्रणा कर रहे हैं और उस समय गुरुजन यदि खड़े रह जाते हैं तो नए निर्देशकों को यह बात बहुत बड़ी नहीं लगती जबकि परंपरावादियों को यह बात बहुत बुरी लगती है।


                हर प्राचीन चीज ठीक हो और हर नई चीज गलत हो कोई जरूरी नहीं-'पुराणमित्येव न साधु सर्वम् ...'


कुछ मूल्य परिवर्तन को स्वीकार करने की भावदशा पुरानी पीढ़ी को दिखानी चाहिए। नई पीढ़ी को भी पुरानी सारी चीजें रद्दी की टोकरी में डालने की मानसिकता छोड़ देनी चाहिए।


            मेरी नजर में प्राचीनतम चेतना ने जो शिखर छुआ है,उसका मूल्य सार्वदेशिक और सार्वकालिक है।पिता के दिए हुए वचन के पालन हेतु सत्ता छोड़कर वन चले जाना, एक पत्नीव्रत को धारण करना, प्रजा को प्राणों के समान प्रिय मानना जैसे अनेक मूल्यों को जो राम चेतना ने स्थापित किया, वे मूल्य ऐसे हैं जिसके कारण कोई मर्यादा पुरुषोत्तम बनता है। जब जीवन से मूल्य गायब होने लगते हैं तब सारी संपदा के होते हुए भी इंसान दीन-हीन हो जाता है। अन्यथा रावण के पास लंका में किस चीज की कमी थी और आज एपस्टिन फाइल में जिनका नाम आ रहा है,उनके पास किस चीज की कमी है। राम ने जिन मानवीय मूल्यों को ऊंचाईयां दीं उसके कारण जंगल में भी उनका जीवन मंगल से भर गया और दूसरी तरफ सोने की नगरी में भी रावण का जीवन अमंगल से घिर गया।


          आज विज्ञान के आविष्कारों के कारण ऐसी सुख सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध हो गई हैं जो प्राचीन काल में राजाओं के राजमहलों में भी विशेष प्रयास के बावजूद उपलब्ध नहीं हो सकती थीं। बाहर का धन जितना बढ़ता जा रहा है,इंसान उतना ही आंतरिक रूप से निर्धन होता जा रहा है। तभी तो युद्धों में अरबों की संपत्ति खर्च करने वाले लोग आमजन के शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया नहीं करा रहे।


              लोकतंत्र के जमाने में भी भारत राजतंत्र के प्रतिनिधि राम के राज्य को अपना आदर्श इसीलिए मानता है कि उनके राज्य में किसी को दैहिक,दैविक,भौतिक ताप नहीं था।राम का मस्तिष्क परिष्कृत और हृदय सुसंस्कृत था। प्राचीनतम महाकाव्य रामायण में जो राम का चरित्र वर्णित हुआ है, आज हजार बरसों के बाद भी उसको अनेक रूपों में आज का भी कवि हृदय वर्णित कर रहा है क्योंकि


उनका जीवन मूल्य ऐसा था जिसका वर्णन करते हुए किसी को भी गौरव महसूस होता है-


'कवि ने गीत लिखे नए-नए बार-बार


पर उसी एक विषय को देता रहा विस्तार


जिसे कभी पूरा पकड़ पाया नहीं


जो कभी किसी गीत में समाया नहीं


किसी एक गीत में वह अट गया दिखता


तो फिर कवि दूसरा गीत ही क्यों लिखता।'


'शिष्य-गुरु संवाद' से प्रो.सर्वजीत दुबे🙏🌹