नानक की सीख
November 23, 2026🙏गुरुनानक जयंती की शुभकामना🙏
हिंदू मुसलमान के बीच जब दूरियां सियासतदानों के द्वारा बढ़ाई जा रही थी तब गुरु नानक ने उनके बीच एक सेतु बनाया जिसका नाम सिख पड़ा-एक दृष्टि🔥
संवाद
"नानक की सीख"
गुरु नानक जयंती का महत्व इस बात में है कि जब कभी समाज को तोड़ने का वातावरण उपस्थित होता है तब अस्तित्व किसी को जोड़ने का माध्यम बना लेता है। धार्मिक कट्टरता, जातिगत भेदभाव, अंधविश्वास और आडंबर के कारण जब समाज बिखरता जा रहा था तब 'एक ओंकार सतनाम' का उद्घोष करके गुरु नानक ने एकता के सूत्र में सबको बांधने का अद्भुत प्रयास किया। उनका कहना था कि जब परमात्मा एक है और संपूर्ण सृष्टि उसी की अभिव्यक्ति है तो धर्म,जाति,क्षेत्र,भाषा,लिंग के आधार पर भेदभाव क्यों?
अद्वैत के मंत्र 'ईशावास्यमिदं सर्वम्' के द्वारा जिस दर्शन को दिया गया था,उसी को आधुनिक काल में गुरु नानक ने अपने मूलमंत्र 'एक ओंकार सतनाम' के द्वारा फिर से स्थापित किया। स्वयं हिंदू होने के बावजूद अपने मुसलमान शिष्य मरदाना के साथ चारों दिशाओं में 'एक ओंकार सतनाम' का गीत गाते हुए सबको प्रेम बांटते हुए एकता का गुंजार करते रहे। दार्शनिक दृष्टि से 'एक ओंकार सतनाम' एकात्मता की भावना को स्थापित करता है और मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से श्रेष्ठता और हीनता की ग्रंथियों को समाप्त करता है।
नाम जपो, किरत करो,वंड छको के अपने सिद्धांतों के द्वारा उन्होंने आमजन को जीवन जीने का ऐसा सरल मंत्र दिया जिसको सहज रूप से अपनाकर हर व्यक्ति अपना जीवन बदल सकता है। परमात्मा का नाम स्मरण करते हुए जो परिश्रम से अपनी आजीविका अर्जित करके अपने लोगों के साथ बांटकर खाएगा उसका व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन स्वर्ग बन जाएगा। आज की जगत की मूल समस्या यह है कि 'राम नाम जपना पराया माल अपना' सिद्धांत को लोगों ने अपना लिया है। एक तरफ समाज में मंदिर मस्जिद बढ़ते जा रहे हैं और दूसरी तरफ भ्रष्टाचार और व्यभिचार भी दुगुना होते जा रहे हैं-
'बांट देगी सियासत हमें दो तरफ
हम जो मंदिर मस्जिद बनाते रहे
पीने का जिनको सलीका न था
मैकदे उनकी किस्मत में आते रहे।'
गुरु नानक के समय भी सियासतदान मंदिर मस्जिद के नाम पर लोगों को बांट रहे थे, वैसे समय में बिखरे हुए मनकों को प्रेम रूपी धागे में पिरोने का काम गुरु नानक ने किया। आज भी मंदिरों और मस्जिदों का जितना निर्माण बढ़ता दिखाई दे रहा है उतना ही मानव और मानव के बीच दूरियां और भी ज्यादा हो रही है। ऐसे में इंसान को भगवान की कृति बताकर उन्होंने एक तरफ मानव निर्मित पूजा स्थलों को गौण बना दिया और दूसरी तरफ साथ बैठकर एक साथ खाने की परंपरा को शुरू करके समानता और प्रेम की भावना को बढ़ाने का रास्ता दिखा दिया।
स्त्रियों को हीन समझने वाले पुरुष प्रधान समाज को उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि "सो क्यों मंदा आखिए जितु जम्मे राजान" अर्थात् उस स्त्री को हीन कैसे कहा जा सकता है, जिसके गर्भ से राजा-महाराजा तक जन्म लेते हैं? आज अंकिता भंडारी जैसे केस के कारण हमारे समाज का पाखंड जगजाहिर हो रहा है, वैसे में गुरु नानक जी द्वारा भौतिकतावाद के विरोध में अध्यात्मवाद का जो रास्ता दिखाया गया है, वही शोषक वर्ग को सही रास्ते पर ला सकता है। गुरु नानक की दृष्टि में वास्तविक महानता धन,पद,प्रतिष्ठा में नहीं है बल्कि आत्मनियंत्रण,आत्मसंतोष और करुणा में है।
जब धर्म मनुष्य को तोड़ रहा था गुरु नानक का जीवन और सिद्धांत ने मनुष्य को जोड़ा था। जब आध्यात्मिकता के नाम पर लोग संसार से पलायन कर रहे थे तब गुरु नानक ने गृहस्थी धर्म को निभाते हुए संसार को स्वर्ग बनाने का रास्ता दिखाया था। अपने दो पुत्रों के होते हुए भी उन्होंने अपना शिष्य और उत्तराधिकारी अंगद को चुना जिसके पास योग्यता ज्यादा थी। इन सद्गुणों से वे सबके बन गए और सब उनके बन गए, इसी कारण से उनके बारे में कहा गया-
'बाबा नानक शाह फकीर,
हिंदू का गुरु मुसलमान का पीर।'
'शिष्य-गुरु संवाद' से प्रो.सर्वजीत दुबे🙏🌹