🙏संविधान दिवस की शुभकामना🙏


'संविधान खतरे में है' या 'नैतिकता खतरे में है'-एक दृष्टि🔥


संवाद


"सवाल संवैधानिक नैतिकता का"


संविधान शब्द आज सबसे ज्यादा चर्चा में है क्योंकि पक्ष और विपक्ष दोनों ही इसे लेकर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। 'संविधान खतरे में है' का नारा विपक्ष लगा रहा है जबकि सत्ता पक्ष "लोकतंत्र बचाओ रैली" निकाल रही है। संविधान कोई कागज पर उकेरा गया शब्द मात्र नहीं बल्कि हम भारत के लोगों की आत्मा की आवाज है। संविधान की सबसे बड़ी शक्ति उसकी धाराओं में नहीं है बल्कि सामूहिक चेतना में है जो अन्याय के सामने में मौन रहने से इनकार करते हैं।


               'संविधान खतरे में है या नहीं' आज इस प्रश्न पर राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं किंतु यह निर्विवाद है कि संविधान की रक्षा के लिए संविधान की समझ और सजगता जरूरी उपाय है। न्यायपालिका की स्वतंत्रता, विधायिका की जवाबदेही, संस्थाओं की निष्पक्षता,प्रेस की सजगता और नागरिक अधिकारों का संरक्षण संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का कवच है।


             जिस संविधान को भारत की श्रेष्ठ प्रतिभाओं ने तीन सालों के अहर्निश चलने वाले वाद-विवाद को संवाद की मंजिल तक पहुंचाकर उसे लिखित स्वरूप दिया; उस संविधान को बहुत कम लोग पढ़ते हैं। इससे भी ज्यादा चिंता की बात यह है कि बहुत कम लोग समझते हैं। कानून की पढ़ाई का यह एकमात्र दस्तावेज बन करके रह गया है जिसके कारण संविधान खतरे में पड़ गया है।


                  जिस संविधान को हम भारत के लोगों ने अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया, वह जन सामान्य की भाषा नहीं थी। मूल दस्तावेज अंग्रेजी में था और उसका हिंदी अनुवाद और भी जटिल और दुर्बोध किया गया। विश्व के सबसे बड़े लिखित संविधान को जन सामान्य तक पहुंचाने के लिए शिक्षा सबसे बड़ा शक्तिशाली माध्यम था, उसकी भी दशा और दिशा दयनीय अवस्था में है। फिर हम संविधान को पढ़े बिना कैसे समझ पाएंगे?


            देश को चलाने का संवैधानिक प्रावधान ही जब हम भारत के लोग न पढ़ते हैं और न समझते हैं तो कहां से उनका हम पालन कर पाएंगे या उनकी रक्षा कर पाएंगे?जब हमारे चुने हुए प्रतिनिधि ही अधिक संख्या में अनपढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति के हों तो संविधान की रक्षा कैसे हो सकती हैं?


            संविधान की प्रस्तावना में निहित स्वतंत्रता,समता,न्याय और बंधुता ऐसे संवैधानिक मूल्य हैं जिन पर भारतीय लोकतंत्र की आत्मा टिकी हुई है। चुनावों में धनबल और बाहुबल का प्रयोग जिस प्रकार से खुलेआम हो रहा है,वह इन संवैधानिक मूल्यों की हत्या कर रहा है। जाति,धर्म,क्षेत्र,भाषा इत्यादि अनेक आधारों पर लोगों को बांटकर चुनाव जीता जा रहा है। फिर बहुमत के आधार पर हो रहा निर्णय संवैधानिक मूल्यों के आधार पर हो रहे निर्णय से अलग होने लगते हैं।इसके कारण सत्ता संविधान से बड़ी हो जाती है और व्यक्ति संस्थाओं पर हावी हो जाता है।


             अतः अंबेडकर ने कहा था कि संविधान कितना भी अच्छा हो, यदि उसे लागू करने वाले लोग सही नहीं हैं तो वह खराब साबित हो सकता है; वही संविधान कितना भी कमजोर हो, यदि उसे अमल में लाने वाले लोग अच्छे हैं तो वह अच्छा साबित हो सकता है।


'शिष्य-गुरु संवाद' से प्रो.सर्वजीत दुबे🙏🌹